देहरादून, 16 अप्रैल 2025 — देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में आज कालाढूँगी विधायक आदरणीय बंशीधर भगत के नेतृत्व में दमूवाढूँगा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को दमूवाढूँगा क्षेत्र में ज़मीन के मालिकाना हक से जुड़े मुद्दों से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्राधिकरण द्वारा क्षेत्र के तीनों वार्ड—वार्ड 35, 36 और 37—में अनावश्यक कार्यवाहियाँ की जा रही हैं, जिससे आम नागरिकों को परेशानी हो रही है। मुख्यमंत्री से मांग की गई कि इन कार्यवाहियों पर तत्काल रोक लगाई जाए और निवासियों को जमीन का मालिकाना हक प्रदान किया जाए।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर दमूवाढूँगा क्षेत्र के कई वरिष्ठ और सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें पूर्व प्रधान महेश जोशी, पूर्व प्रधान विजय कुमार पप्पू, देवी दयाल उपाध्याय, शिव गणेश, हृदयेश कुमार, महेशानंद, फकीर राम कोहली, रवि आर्य, कमल साह और भीम सिंह शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल की यह पहल क्षेत्र के नागरिकों के हितों की रक्षा की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।






