अल्मोड़ा, 31 अगस्त 2025।
भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 1 और 2 सितंबर को अल्मोड़ा सहित आसपास के जनपदों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसी के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए सोमवार, 1 सितंबर को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालय (कक्षा 1 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थान) एवं आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट आलोक कुमार पाण्डेय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनज़र किसी भी तरह की दुर्घटना से बचाव के लिए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और संस्थानों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे भारी वर्षा के दौरान नदियों, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास न जाएं और सतर्क रहें।
इस आदेश की सूचना संबंधित विभागों, पुलिस प्रशासन, शिक्षा विभाग और आंगनबाड़ी से जुड़ी एजेंसियों को भी भेज दी गई है।
👉 मुख्य बातें:
1 सितंबर 2025 (सोमवार) को अल्मोड़ा जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालय रहेंगे बंद।
आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
कारण: मौसम विभाग का भारी बारिश का अलर्ट।
जिला प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया निर्णय।






