मेरठ। देश में इन दिनों अनोखे नामों वाली राजनीतिक पहलों की चर्चा के बीच अब ‘चींटी जनता पार्टी’ (CJP) का गठन किया गया है। मेरठ के पूर्व भाजपा नेता अनूप राघव ने इस नई राजनीतिक पार्टी की नींव रखते हुए दावा किया कि यह संगठन आम लोगों, किसानों, युवाओं और मजदूर वर्ग की आवाज बनने का काम करेगा।
अनूप राघव ने पार्टी के नाम के पीछे का तर्क बताते हुए कहा कि चींटी एक ऐसा जीव है जो अनुशासन, मेहनत, संगठन और सामूहिक शक्ति का प्रतीक है। उनका कहना है कि जिस तरह चींटियां मिलकर बड़े से बड़ा कार्य कर लेती हैं, उसी तरह आम जनता भी एकजुट होकर व्यवस्था में बदलाव ला सकती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीति में आम नागरिकों की समस्याएं पीछे छूटती जा रही हैं। ऐसे में चींटी जनता पार्टी जनता के मुद्दों को केंद्र में रखकर राजनीति करने का दावा करती है। पार्टी का फोकस रोजगार, शिक्षा, किसानों की समस्याएं, स्थानीय विकास और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर रहेगा।
अनूप राघव ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी केवल सामाजिक मंच बनकर नहीं रहेगी, बल्कि भविष्य में चुनावी राजनीति में भी सक्रिय भागीदारी करेगी। इसके लिए चुनाव आयोग में पार्टी के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
राजनीतिक गलियारों में चींटी जनता पार्टी की चर्चा इसलिए भी तेज हो गई है क्योंकि हाल के दिनों में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नामक संगठन भी सुर्खियों में रहा है, जिसने शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा घोटालों जैसे मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किए थे।
फिलहाल मेरठ से शुरू हुई इस नई राजनीतिक पहल को लोग किस नजर से देखते हैं और यह संगठन जमीनी स्तर पर कितना प्रभाव छोड़ पाता है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
source:Amarujala





