पर्वतीय इलाकों में मौसम विभाग की चेतावनी, लोगों से सतर्क रहने की अपील
उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राजधानी देहरादून में शनिवार को तेज बारिश के साथ मौसम सुहावना हो गया, वहीं कई अन्य जिलों में भी झमाझम बारिश दर्ज की गई। अचानक बदले इस मौसम ने जहां गर्मी से राहत दी, वहीं कुछ क्षेत्रों में लोगों की परेशानियां भी बढ़ा दी हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के कई जिलों में आने वाले घंटों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग का कहना है कि खासकर पर्वतीय जिलों—उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़—में बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में भी तेज बारिश के चलते जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना जताई गई है।
देहरादून और आसपास के इलाकों में हुई भारी बारिश से तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, कुछ स्थानों पर जलभराव और फिसलन के कारण आवागमन में दिक्कतें भी सामने आई हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। साथ ही किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई
source amar ujala






